चैत्र रामनवमी पर गुरादरी धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
करहां, मऊ। चैत्र रामनवमी के अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां स्थित प्राचीन गुरादरी धाम में भव्य मेले का आयोजन हुआ, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे हजारों भक्तों ने बाबा घनश्याम दास की समाधि पर दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और पाताल गंगा सरोवर की परिक्रमा की।
मेला परिसर आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी दुकानों से सजा रहा। खान-पान, खिलौने व घरेलू सामान की दुकानों पर दिनभर रौनक रही, वहीं झूले बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
भीड़ के बीच बिछड़े लोगों को लाउडस्पीकर के जरिए उनके परिजनों से मिलाया गया। मान्यता के अनुसार श्रद्धालुओं ने अपनी पहली फसल का अंश भी अर्पित किया। मठ के महंत धुरंधर जी महाराज के दर्शन कर भक्तों ने आशीर्वाद प्राप्त किया। यह मेला आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय संस्कृति और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।





Post a Comment