Top News

सुहवल में बंदरों के उत्पात से जनजीवन बेहाल, ग्रामीणों में दहशत, रेस्क्यू की मांग

सुहवल में बंदरों के उत्पात से जनजीवन बेहाल, ग्रामीणों में दहशत, रेस्क्यू की मांग

करहां (मऊ) : आजमगढ़ जनपद स्थित जहानागंज ब्लॉक के अंतिम छोर पर बसे सुहवल गांव और बाजार में बंदरों के बढ़ते उत्पात ने ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। बंदरों के हमलावर रुख से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भय व्याप्त है। हालात ऐसे हैं कि लोग अकेले घर से बाहर निकलने में भी हिचक रहे हैं। गांव की मीरा शर्मा समेत कई बच्चों और बुजुर्ग महिलाओं को बंदर काटकर घायल कर चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने में भी आशंकित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के झुंड घरों में घुसकर खाद्य सामग्री उठा ले जाते हैं और कपड़े आदि भी बर्बाद कर देते हैं। ऐसे में लोगों को सामान बचाने के लिए सतर्क रहना पड़ रहा है।

बंदरों की समस्या अब खेतों से लेकर बाजार तक फैल गई है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है, जबकि दुकानदारों को खुले में रखा सामान सुरक्षित रखना मुश्किल हो रहा है। बंदरों के अचानक हमले की आशंका से बाजार में भी भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से इस समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान मयंक सिंह, विक्की यादव, शिवम शर्मा, अविनाश यादव, अखिलेश गुप्ता, डॉक्टर एल.बी. चौहान, विकास सिंह और अवनीश यादव ने प्रशासन से बंदरों को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था करने की अपील की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन गंभीर हादसा हो सकता है।


https://www.facebook.com/share/v/19UAk1rjQp/

Post a Comment

Previous Post Next Post