Top News

ड्यूटी पर जाते समय हादसा, पीएसी के प्रधान आरक्षी का निधन

ड्यूटी पर जाते समय हादसा, पीएसी के प्रधान आरक्षी का निधन

◆असोथर क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए थे घायल

◆होली से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

करहां, मऊ। होली के उल्लास के बीच क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई जब 42वीं वाहिनी पीएसी नैनी, प्रयागराज में तैनात प्रमुख आरक्षी त्रिभुवन प्रसाद (54) का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार रात उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव जमुई पहुंचा, जहां परिजनों में कोहराम मच गया।

ग्राम जमुई निवासी त्रिभुवन प्रसाद वर्ष 1997 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और वर्ष 2016 से डायल 112 फतेहपुर में संबद्ध थे। जानकारी के अनुसार 1 मार्च 2026 की रात लगभग आठ बजे ड्यूटी पर जाते समय असोथर थाना क्षेत्र (जनपद फतेहपुर) के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सदर अस्पताल फतेहपुर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय, प्रयागराज रेफर किया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोमवार देर शाम जब शव गांव पहुंचा तो पत्नी तारा देवी, चार पुत्रियों और एक पुत्र सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माहौल गमगीन हो उठा। प्रयागराज से आए पुलिस अधिकारियों व स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में पार्थिव शरीर को सलामी दी गई। इसके बाद तमसा तट स्थित अतरारी धौरहरा घाट पर पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

उनके निधन से पुलिस विभाग एवं क्षेत्र में शोक व्याप्त है। वरिष्ठ नेता डा. सोचन भारती, जिला पंचायत सदस्य सुरहुरपुर रामदरश यादव, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी महेंद्र यादव, करहां महाप्रधान प्रतिनिधि रवि पासी, प्रबंधक रवि प्रताप सिंह व आरिफ खां, ग्राम प्रधान अशोक कुमार गुड्डू, लालचंद राम, चंदन राव, मोनू कुमार, जयप्रकाश यादव, प्रीतम चंद्रा सहित सैकड़ों क्षेत्रीय लोंगो ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किया।




Post a Comment

Previous Post Next Post