Top News

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आलू लदा ट्रक पलटा, बाल-बाल बचे चालक-परिचालक

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आलू लदा ट्रक पलटा, बाल-बाल बचे चालक-परिचालक

करहां (मऊ) : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुवा ग्रामसभा के पास आलू से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। संयोग अच्छा रहा कि हादसे में चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेली निवासी चालक सोहेब आलू लादकर गाजीपुर की ओर जा रहा था। सुबह लगभग छह बजे ट्रक एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 275.6 के पास पहुंचा ही था कि चालक को झपकी आ गई। नींद आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे पलट गया।

तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ट्रक में फंसे चालक और परिचालक को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाया और यातायात सुचारु कराया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल एक्सप्रेसवे पर आवागमन सामान्य है।


Post a Comment

Previous Post Next Post