54 कुंडीय रुद्र महायज्ञ का हुआ शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
करहां (मऊ) : रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के मंडूसरा बुजुर्ग स्थित रघु बाबा धाम पर शुक्रवार से 11 दिवसीय 54 कुंडीय रुद्र महायज्ञ एवं बाल महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ की गई।
कलश यात्रा ग्रामसभा मंडूसरा बुजुर्ग के जंगल स्थित रघु बाबा मंदिर से प्रारंभ होकर करीब 10 किलोमीटर का सफर तय करते हुए सुहवल मार्ग से करहां स्थित गुरादरी मठ पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने वरुण पूजन उपरांत पवित्र जल भरकर पुनः मंदिर पहुंचकर यात्रा का समापन किया। यात्रा में हाथी-घोड़ों, ध्वज-पताका, रथ-डीजे, गाजा-बाजा के साथ चकिया, गोपालपुर, रछाराय और पिपरिया सहित आसपास के कई गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पूरे आयोजन का संचालन बाबा महेंद्रनाथ महाराज के सान्निध्य में किया जा रहा है। उनके निर्देशन में विद्वान पुरोहितों की टोली वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ संपन्न कराएगी। आयोजकों के अनुसार 54 कुंडों से निकलने वाली हवन की सुगंध व ऊर्जा से वातावरण शुद्ध होगा और क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महायज्ञ के साथ ही रघु बाबा मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी जारी है। पूर्व में जर्जर हो चुके मंदिर का पुनर्निर्माण श्रद्धालुओं के सहयोग से कराया जा रहा है। इस दौरान मंदिर में नए शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा भी विधि-विधान से की जाएगी।
11 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन प्रवचन, भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। शुभारंभ अवसर पर सपा विधायक राजेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद रहे। उनके साथ ग्राम प्रधान सुनील चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर रानीपुर थाना पुलिस बल भी तैनात रही।





Post a Comment