विधायक ने किया कौशल विकास मिशन हेतु टेलीकाम प्रशिक्षण का शुभारंभ

•बदलते समय में युवाओं के हाथों में हुनर जरुरी : विधायक राजेंद्र कुमार
•यह प्रशिक्षण कौशल विकास के साथ प्रदान करेगा रोजगार : प्रबंधक प्रवीण राय

करहां/वलीदपुर (मऊ) : बीएसआरके इंटर कालेज रामनगर ख़ालिसा में ब्रह्मर्षि श्रीरामकृष्ण सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास योजना के अंतर्गत टेलीकाम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुहम्मदाबाद गोहना विधायक राजेंद्र कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होने कौशल विकास के इस उपयोगी प्रशिक्षण की शुरुआत के अलावा निश्शुल्क ड्रेस तथा किताबों का वितरण भी किया।
कार्यक्रम के शुरुआत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन किया। तत्पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य सहित अनेक मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोंगो को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रबंधक प्रवीण राय ने सभी आगत गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र, माल्यार्पण, पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित प्रशिक्षुओं को बारी-बारी से कौशल विकास का ड्रेस, किताबें व आवश्यक किट बिना किसी शुल्क के प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार ने कहा कि बदलते तकनीकी समय में हमारे युवाओं के अंदर तकनीकी कुशलता के बेहद आवश्यकता है। यदि एकेडमिक शिक्षा के अलावा आज के युग में युवाओं के हाथों में कौशल नहीं होगा तो वह विकास की राह में पिछड़ जाएगा। इसलिए टेलीकाम के क्षेत्र में यह प्रशिक्षण अभियान युवाओं के हाथों में कौशल विकास के साथ उन्हें रोजगार से जोड़ने में उपयोगी सिद्ध होगा।
प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास मिशन योजना के तहत यहां टेलीकाम के क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। हाईस्कूल व इंटर उत्तीर्ण 18 वर्ष से 35 वर्ष तक के युवा यह प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इसके माध्यम से युवाओं को लगातार चार महीनों का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें नौकरी देने तक की व्यवस्था की गई है। इसलिए अधिक से अधिक युवा कौशल विकास का यह प्रशिक्षण प्राप्त कर देश के तकनीकी विकास में सेवाएं देते हुए अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन शबीब रिजवी ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रुप में प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई मऊ अरुण यादव व द्वारिका प्रसाद मिश्र, एम. आई. एस. प्रबंधक लक्ष्मण यादव, विभिन्न आईटीआई कालेजों के प्रबंधक बब्बन यादव, जयप्रकाश पाल, सुनील यादव, अरविंद यादव, मांधाता सिंह सहित प्रधानाचार्य रजनीश राय, रामभजन यादव सहित सैकड़ों विद्यार्थी, आगंतुक व क्षेत्रीय लोग उपस्थित थे।
Post a Comment