Top News

पोषण पखवाड़ा में सजी संवेदनाओं की महफिल, गोद भराई व अन्नप्राशन से गूंजा आंगन

पोषण पखवाड़ा में सजी संवेदनाओं की महफिल, गोद भराई व अन्नप्राशन से गूंजा आंगन

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के काजीपुर बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर का आंगन बुधवार को एक अलग ही उल्लास और संवेदना से सराबोर नजर आया। अवसर था 9 से 23 अप्रैल तक चल रहे पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत आयोजित जागरुकता कार्यक्रम का, जो केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि मातृत्व और बचपन के स्नेहिल स्पर्श का उत्सव बन गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं और नन्हें बच्चों के जीवन में पोषण और स्वास्थ्य के महत्व को उजागर करना रहा। गर्भवती और धात्री माताओं को जहां संतुलित आहार, स्वच्छता और बेहतर देखभाल के बारे में विस्तार से बताया गया, वहीं शिशुओं के जीवन के प्रथम छह वर्षों को संवारने के लिए जरुरी पहलुओं पर भी रोशनी डाली गई।

बाल विकास परियोजना अधिकारी संजीव कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम को गरिमा मिली, जब मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य त्रिभुवन प्रसाद के स्नेहिल हाथों से 4 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न हुई। मातृत्व की इस मधुर बेला के साथ ही 6 माह पूर्ण कर चुके 2 नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया, मानो जीवन की नई शुरुआत का उत्सव मनाया जा रहा हो।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य टीम ने महिलाओं और बच्चों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही टीकाकरण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को भी बड़े सहज और प्रभावी ढंग से समझाया गया। संजीव कुमार ने बताया कि पोषण पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि कुपोषण के खिलाफ जागरुकता की एक सतत पहल है, जिसके माध्यम से समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस भावपूर्ण आयोजन में प्रधानाध्यापिका गीता सुमन, सहायक अध्यापक मनोज कुमार, शकुंतला, गायत्री, मुख्य सेविका शांति देवी, चंपा, लालमुनि, प्रेमबालिका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती रिंकी राय, ममता गोंड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने इसे और भी जीवंत बना दिया।



Post a Comment

Previous Post Next Post