Top News

विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे करहांवासी

विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे करहांवासी

नाला जाम, जल निकासी व्यवस्था फेल

करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार में जल निकासी हेतु नाला तो बना दिया गया है, लेकिन उसमें पानी जमा हो रहा है। जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी नाले में जाम होकर सड़ रहा है।  इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द समाधान की मांग की है।

सार्वजनिक पेयजल की व्यवस्था का अभाव

करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार में इन दिनों पेयजल की भारी किल्लत है। लगभग दो किलोमीटर लंबी बाजार में कोई सार्वजनिक वाटर कूलर आदि की व्यवस्था नहीं है। जलापूर्ति ठप होने से बाजारवासियों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है या तो लोग खरीदकर पानी पीने को विवश हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें पढ़ाई के साथ पानी की व्यवस्था के लिए भी जूझना पड़ रहा है।

शिव मंदिर के पास नहीं लगा वाटर कूलर, श्रद्धालु परेशान

करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार के रसूलपुर मुहल्ला स्थित सड़क किनारे बने शिव मंदिर व बस स्टाप के पास अब तक वाटर कूलर की व्यवस्था नहीं की गई है। भीषण गर्मी में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और बस की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है।

करहां-जहानागंज मार्ग पर संकेतक बोर्ड का अभाव

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग पर बसे करहां-जहानागंज मार्ग पर आज तक कोई संकेतक बोर्ड नहीं लगाया गया है। चूंकि बीच बाजार यह सकरा रास्ता है इसलिए बाहर से आने वाले वाहन चालक रास्ता भटककर आगे बढ़ जाते हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने बोर्ड लगाने की मांग की है।

गुरादरी धाम मार्ग जर्जर, श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी

करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार के रसूलपुर मौजे से पवित्र गुरादरी धाम जाने वाला मार्ग जगह-जगह से टूट चुका है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी कठिनाई होती है। साथ ही जल निकासी की व्यवस्था न होने से लोग सड़क किनारे ही गंदा पानी बहा देते हैं, जिससे मार्ग की स्थिति और खराब हो रही है। क्षेत्रवासियों ने इसकी मरम्मत की मांग की है।

गुरादरी धाम मार्ग पर अंधेरा, सुरक्षा की कमी

करहां (मऊ) : पवित्र गुरादरी धाम जाने वाले मार्ग पर न तो सूचनात्मक बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था है। अंधेरा रहने के कारण यहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे विशेषकर महिला श्रद्धालुओं को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द प्रकाश व सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post