रंग, राग और संस्कारों से सजी ‘कलायन’ की यादगार शाम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के रामनगर खालिसा स्थित बीएसआरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में शनिवार की शाम ‘कलायन’ का मंच यूं सजा, जैसे रंगों में डूबी कोई जीवंत तस्वीर हो; जहां हर प्रस्तुति में संस्कार की खुशबू, संस्कृति की झलक और सृजन की चमक दिखाई दी। देर रात तक चलता रहा यह कारवां, और हर पल तालियों की गूंज से महफिल आबाद होती रही।
मुख्य अतिथि राजकीय आईटीआई मऊ के प्राचार्य अरुण कुमार यादव और खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने मां सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर दीप जलाया, तो मानो ज्ञान की ज्योति पूरे प्रांगण में फैल गई। इसके बाद बच्चों की गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और स्वागत नृत्य ने ऐसा समां बांधा कि हर नजर ठहर सी गई।
कभी कजरी की मिठास, कभी घूमर की लय, तो कभी देशभक्ति के पिरामिड की ऊंचाई, हर प्रस्तुति में एक नई कहानी थी। ‘ओल्ड इज गोल्ड-नदिया के पार’ की झलक हो या मातृ-पितृ भक्ति की भावनाएं, मंच पर हर रंग अपने पूरे शबाब पर था।
अपने उद्बोधन में अरुण कुमार यादव ने इस आयोजन को भारतीय संस्कृति का सुंदर प्रतिबिंब बताया, तो ओमप्रकाश तिवारी ने बच्चों की प्रतिभा को निखारने में ऐसे मंचों की अहमियत पर जोर दिया। संस्थान के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया और मेधावी छात्रा दिव्या सिंह समेत टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य शबीब रिजवी ने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख किया, जबकि संचालन अभय तिवारी, आर्यन राय व स्वाति सिंह ने किया और अंत में धन्यवाद प्रवीण राय ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर आरएसएस के जिला प्रचारक आर्यमजी, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, दोहरीघाट प्रमुख प्रदीप कुमार उर्फ राजू राय, बब्बन यादव, जनार्दन राय एडवोकेट, जयप्रकाश पाल, इशदत्त सिंह, रजनीश राय, सुनील यादव, सूरज सिंह, रामभजन यादव, प्रियंका कुमारी, एटीएम मोहराना, कैलाश यादव, मृत्युंजय, पवन कुमार, राहुल राय, फिजा खातून सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे और हर किसी के दिल में ‘कलायन’ की यह शाम एक खूबसूरत याद बनकर बस गई।







Post a Comment