श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ हेतु निकली भव्य कलश यात्रा

श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ हेतु निकली भव्य कलश यात्रा

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के नगपुर-महमूदपुर गांव में सोमवार से रविवार तक होने वाली श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ हेतु एक भव्य कलश यात्रा क्षेत्र के सुप्रसिद्ध वैराग्याश्रम मठ गुरादरी धाम के पवित्र पाताल गंगा सरोवर पर पहुंची। यहां वरुण पूजन, अर्चन और दर्शन उपरांत जल भरकर पीले वस्त्र धारण की हुई कन्याएं माथे पर कलश धारण करके यज्ञ स्थल तक गई।

बता दें कि नगपुर गांव में ही जन्म लेकर मात्र 27 वर्ष की आयु में सन्यास धारण कर आज संपूर्ण विश्व को अपने ज्ञान के आलोक से दैदीप्यमान करने वाले सन्यासी परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वतीजी महाराज के मार्ग निर्देशन में यज्ञ के मुख्य यजमान रामपत सरोज व बसंती देवी कुटुम्ब और ग्रामवासियों समेत श्रीमद्भागवत ग्रंथ व मुख्य कलश माथे पर लेकर चल रहे थे। नगपुर, महमूदपुर, दरौरा, गद्दोपुर, करहां, तिघरा, रसूलपुर होती हुई 108 कन्याओं से सुसज्जित इस कलश यात्रा में श्रद्धालु भक्त जयकारे लगाते हुए झंडे-पताके, हाथी-घोड़े, गाजे-बाजे व घरी-घंटा के साथ चल रहे थे।

 यज्ञाचार्य शुभम तिवारी ने वैदिक ब्राह्मणों  आचार्य अभिषेक, मनीष तिवारी, विमल मिश्र, विनीत पांडेय, आशीष तिवारी, प्रियव्रत शुक्ल के साथ पाताल गंगा सरोवर पर वैदिक रीति से वरुण पूजन करवाया। इसके बाद सरोवर की परिक्रमा कर लोंगो ने बाबा घनश्याम साहब का दर्शन कर यज्ञ स्थल पर पहुंचे। स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती ने बताया कि देव, द्विज, प्राज्ञ और पितृ पूजन के उद्देश्य से यह महायज्ञ आयोजित की गई है। इसमें प्रतिदिन परायण, कथा, हवन आदि के कृत्य संपादित किए जाएंगे। 12 अप्रैल को विधिवत पूर्णाहुति के साथ भव्य भंडारे का आयोजन होगा।

कलश यात्रा में मुख्य रुप प्रभुनाथ राम, अरुण त्रिपाठी, गोपाल यादव, अखिलानंद द्विवेदी, किशुन चौहान, अर्जुन राणा,  शशिधर मौर्य, रजनीश यादव, बिजेंद्र श्रीवास्तव, इंद्रराज यादव, रामचंद्र सिंह सहित सैकड़ों स्त्री-पुरुष, युवक-युवतियां व क्षेत्रीय श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post