नगपुर-महमूदपुर से गुरादरी-करहां को निकली कलश यात्रा

नगपुर-महमूदपुर से गुरादरी-करहां को निकली कलश यात्रा


करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के नगपुर-महमूदपुर गांव में आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ से पहले रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा गुरादरी स्थित वैराग्याश्रम मठ के पवित्र पाताल गंगा सरोवर तक पहुंची, जहां वैदिक विधि से पूजन-अर्चन के बाद जल भरकर श्रद्धालु यज्ञ स्थल के लिए रवाना हुए।


कलश यात्रा में 108 कन्याएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर चल रही थीं, जो श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक बनीं। यात्रा नगपुर, महमूदपुर, दरौरा, गद्दोपुर, करहां, तिघरा और रसूलपुर सहित कई गांवों से होकर गुजरी। इस दौरान भक्तों ने जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। झंडे-पताकों, हाथी-घोड़े, गाजे-बाजे और घंट-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।


यज्ञ का आयोजन परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। मुख्य यजमान रामपत सरोज व बसंती देवी अपने परिवार सहित श्रीमद्भागवत ग्रंथ और मुख्य कलश के साथ यात्रा में शामिल रहे। पाताल गंगा सरोवर पर यज्ञाचार्य शुभम तिवारी ने वैदिक ब्राह्मणों के साथ विधिवत वरुण पूजन संपन्न कराया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने सरोवर की परिक्रमा कर बाबा घनश्याम साहब के दर्शन किए और यज्ञ स्थल पहुंचे।


स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती ने बताया कि यह महायज्ञ देव, द्विज, प्राज्ञ और पितरों के पूजन हेतु आयोजित किया गया है, जिसमें प्रतिदिन कथा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 12 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कलश यात्रा में प्रभुनाथ राम, अरुण त्रिपाठी, गोपाल यादव, अखिलानंद द्विवेदी, किशुन चौहान, अर्जुन राणा, शशिधर मौर्य, रजनीश यादव, बिजेंद्र श्रीवास्तव, इंद्रराज यादव, रामचंद्र सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post