अंबेडकर जयंती पर सांस्कृतिक रंगों में डूबा सद्धोपुर, रातभर गूंजे जय भीम के नारे
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के सद्धोपुर स्थित नवनिर्मित संत रविदास मंदिर परिसर में भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर अंशिका ग्रुप के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देर शाम शुरु हुआ यह कार्यक्रम पूरी रात उत्साह और उल्लास के साथ चलता रहा। ‘जय भीम’ के नारों से गूंजते माहौल में सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त सचिव पीडब्ल्यूडी उत्तर प्रदेश सरकार सुभाष राम ने दीप प्रज्वलन व बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक श्रृंखला शुरु हुई, जिसने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। अंशिका ग्रुप द्वारा प्रस्तुत सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित नाटक ने शिक्षा और सामाजिक चेतना का प्रभावी संदेश दिया। वहीं 'बुद्धम् शरणम् गच्छामि' पर बालिकाओं के भावपूर्ण नृत्य ने सभी को भावविभोर कर दिया। अंशिका और गरिमा की ‘अछूत’ तथा सिद्धार्थ-जिगर की ‘छुआछूत’ पर आधारित प्रस्तुतियों ने सामाजिक बुराइयों पर सशक्त प्रहार करते हुए खूब सराहना बटोरी।
बच्चों ने 'हम बहुजन हमार बाबा रतनवा' गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया, जबकि एकल प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर 11 किलोग्राम का केक काटकर जयंती को उत्सव के रुप में मनाया गया। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख मुहम्मदाबाद गोहना रानू सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, त्रिभुवन प्रसाद, शिवबचन राजभर, हरिश्याम गौतम, हरिंद्र राम, अशोक कुमार, ग्राम प्रधान देवंती देवी सहित सैकड़ों स्त्री-पुरुष उपस्थित थे।





Post a Comment