नेशनल योग चैम्पियनशिप में रामनिवास मौर्य ने जीता स्वर्ण, सूर्य शिखर अवार्ड से भी सम्मानित
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना स्थित सौसरवां प्राथमिक विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक व कोपागंज के लैरो दोनवार गांव निवासी शिक्षक रामनिवास मौर्य ने योग स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित नेशनल योग चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही 108 बार सूर्य नमस्कार को कुशलतापूर्वक संपन्न करने पर उन्हें सूर्य शिखर अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।
यह प्रतियोगिता 11-12 अप्रैल को महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय, अयोध्या में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में वर्तमान में सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय भरथिया कादीपुर, कोपागंज श्री मौर्य ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्हें योग स्पोर्ट्स फाउंडेशन की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वु हांग येन, जनरल सेक्रेटरी डॉ. शिवम मिश्रा एवं आयोजन सचिव प्रवीण त्यागी द्वारा गोल्ड मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी कार्यक्रम में 108 बार सूर्य नमस्कार की उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए मुख्य अतिथि महर्षि डॉ. महेश योगी एवं योगी प्रशांत शुक्ला ने उन्हें ‘सूर्य शिखर अवार्ड’ से सम्मानित किया। गौरतलब है कि रामनिवास मौर्य को इससे पूर्व भी आधा दर्जन से अधिक पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और बधाईयां देने वालों का तांता लगा हुआ है।





Post a Comment