धूमधाम से मनाया गया बीएसआरके ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट का भव्य वार्षिकोत्सव
रंग, राग और संस्कारों की छांव में सजी ‘कलायन’ की अविस्मरणीय शाम
करहां, मऊ। रामनगर खालिसा स्थित बीएसआरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में शनिवार को ‘कलायन’ का मंच कुछ यूं सजा कि हर ओर रंगों की छटा, सुरों की मिठास और संस्कारों की गरिमा बिखरती नजर आई। यह आयोजन मानो एक जीवंत उत्सव बन गया, जहां हर प्रस्तुति ने दिलों को छू लिया और देर रात तक तालियों की गूंज माहौल को जीवंत बनाए रखी।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय आईटीआई मऊ के प्राचार्य अरुण कुमार यादव और खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने मां सरस्वती की आराधना व दीप प्रज्वलन के साथ किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों की गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और स्वागत नृत्य ने ऐसा जादू बिखेरा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कजरी की मधुरता, घूमर की लय, देशभक्ति से ओतप्रोत पिरामिड नृत्य की ऊर्जा और ‘ओल्ड इज गोल्ड-नदिया के पार’ की झलक ने विविध रंगों से मंच को सजा दिया। वहीं मातृ-पितृ भक्ति पर आधारित नाटिका ने भावनाओं को स्पर्श किया।
अपने विचार व्यक्त करते हुए अरुण कुमार यादव ने कार्यक्रम को भारतीय परंपरा का सजीव रूप बताया, जबकि ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को उजागर करने का सशक्त माध्यम होते हैं। संस्थान के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने अतिथियों का सम्मान कर मेधावी छात्रा दिव्या सिंह सहित टॉपर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य शबीब रिजवी ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मंच संचालन अभय तिवारी, आर्यन राय और स्वाति सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि अंत में प्रवीण राय ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आरएसएस के जिला प्रचारक आर्यमजी, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, दोहरीघाट प्रमुख प्रदीप कुमार उर्फ राजू राय, बब्बन यादव, जनार्दन राय एडवोकेट, जयप्रकाश पाल, इशदत्त सिंह, रजनीश राय, सुनील यादव, सूरज सिंह, रामभजन यादव, प्रियंका कुमारी, एटीएम मोहराना, कैलाश यादव, मृत्युंजय, पवन कुमार, राहुल राय, फिजा खातून समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। ‘कलायन’ की यह शाम हर किसी के मन में एक खूबसूरत याद बनकर बस गई।









Post a Comment