कला दिवस पर नौनिहालों ने चित्रों के माध्यम से दिया प्रदूषण मुक्त समाज का संदेश
मऊ। कस्बा क्षेत्र के हरिकेशपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में कला दिवस के अवसर पर आयोजित चित्रकला कार्यक्रम में नौनिहालों की रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता देखने को मिली। बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से प्रदूषण मुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था “अधिरोहण” की संस्थापिका ज्योति सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान शारदा त्रिपाठी, नीलम त्रिपाठी, अंचल एवं संजना सहित अन्य सहयोगी सदस्य भी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को चित्रकला से संबंधित सामग्री वितरित की गई, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। नन्हें कलाकारों ने प्रकृति संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और हरियाली के महत्व को अपने चित्रों में खूबसूरती से उकेरा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान देकर पुरस्कृत किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कला के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। संस्था “अधिरोहण” द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में देखे जा रहे हैं।

Post a Comment