राजनीतिक में भाषा की मर्यादा बनाए रखने की अपील, बयान पर जताया विरोध
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा के गुरादरी व जमुई में शुक्रवार शाम प्रबुद्ध व सुधीजनों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े हालिया बयानों पर चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी व अजय राय की कथित टिप्पणी तथा घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय द्वारा सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट को लेकर असहमति व्यक्त की। वक्ताओं ने राजनीतिक दलों और नेताओं से सार्वजनिक मंचों पर संयमित भाषा के प्रयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान नेता एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता नागेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना का अपना स्थान है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियां और मर्यादा के विपरीत बयान उचित नहीं माने जा सकते। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अजय राय व सपा नेता राजीव राय को लक्ष्य कर कहा कि राजनीतिक जीवन में भाषा की शालीनता बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि और नेता की जिम्मेदारी है।
व्यापार मंडल व औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश कई वैश्विक चुनौतियों से गुजर रहा है और ऐसे दौर में देशहित के मुद्दों पर एकजुटता और सकारात्मक सोच की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद ऐसी भाषा से बचना चाहिए, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति पैदा हो या लोकतांत्रिक गरिमा प्रभावित हो। बैठक में शशिभूषण सिंह, सुनील कुमार, रविंद्र सिंह, दयाप्रकाश तोमर, प्रमोद कुमार, गोरख सिंह, अभिषेक यादव, अंकित राजपूत, शिवेश कुमार, सुरेशचंद्र वर्मा, अंजनी तोमर, अखंड प्रताप, हरिनारायण तथा सुबाशंकर, अजीत प्रताप समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment