यश कुमार यादव ने रोविंग में जीता स्वर्ण पदक
•गोरखपुर के रामगढ़ ताल में 46वीं जूनियर नेशनल रोविंग चैंपियनशिप संपन्न
•करहां परिक्षेत्र के यश ने यूपी को 1990 के बाद दिलाया गोल्ड
करहां (मऊ) : एक बार पुनः करहां परिक्षेत्र का नाम रौशन करते हुए चकौधी-सुहवल निवासी यश कुमार यादव ने रोविंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। इस सूचना पर गांव-क्षेत्र में जहां हर्ष का माहौल है, वहीं लोग उन्हें व उनके स्वजन को बधाईयां दे रहे हैं।
बता दें कि गोरखपुर के रामगढ़ ताल में 17 से 21 मई के बीच 46वीं जूनियर नेशनल रोविंग चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। 21 मई दिन गुरुवार की देर शाम हुए फाइनल मुकाबले में करहां क्षेत्र के होनहार खिलाड़ी यश कुमार यादव के उल्लेखनीय योगदान से उत्तर प्रदेश की टीम ने 1990 के बाद पहली बार स्वर्ण पदक हासिल किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, खेल मंत्री गिरीशचंद्र यादव, मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद व सांसद रवि किशन की मौजूदगी में खेले गए निर्णायक मुकाबले में यूपी की इस टीम ने केरल की टीम को 8.02 मिनट के मुकाबले 7.43 मिनट के अंतराल से हराया। ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी बीएससी को तीसरा तथा उड़ीसा को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। उत्तर प्रदेश की इस टीम में यश कुमार यादव के साथ दीपक कुमार, हरिनाथ यादव व प्रवीण कुमार की चार सदस्यीय टीम ने अंडर-19 की इस प्रतियोगिता में 35 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद उत्तर प्रदेश का परचम लहराया।
शुक्रवार सुबह करहां परिक्षेत्र में जीत की आई इस सूचना पर लोंगो ने उनके फौजी पिता विजय कुमार यादव, शिक्षिका मां सीमा यादव, भाई प्रमोद व अजय कुमार यादव को बधाई देते हुए अपनी खुशियों का इजहार किया। ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर यादव रविभूषण प्रताप सिंह व आशीष चौधरी, ग्रामप्रधान मयंक सिंह पल्लू, रणधीर यादव, डा. प्रताप गौतम, काजूलाल चौहान, सुनील सिंह आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए यश कुमार यादव के उज़्ज़वल भविष्य की कामना की है।





Post a Comment