यश की स्वर्णिम कामयाबी से क्षेत्र गौरवान्वित, जूनियर नेशनल रोईग में यूपी का लहराया परचम
करहां, मऊ। क्षेत्र के युवा खिलाड़ी यश कुमार यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का मान बढ़ाया है। चकौधी-सुहवल निवासी यश ने 46वीं जूनियर नेशनल रोईग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने गांव और जनपद बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने उनके परिवार को बधाई देना शुरु कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर के रामगढ़ ताल में 17 से 21 मई तक आयोजित 46वीं जूनियर नेशनल रोईग चैंपियनशिप में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत में क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी यश कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार तालमेल और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर केरल की टीम को पीछे छोड़ते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। उत्तर प्रदेश की टीम ने अच्छे समय से मुकाबला जीतकर लगभग 35 वर्षों बाद राज्य को रोविंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक दिलाने का गौरव हासिल किया। टीम में यश कुमार यादव के साथ दीपक कुमार, हरिनाथ यादव और प्रवीण कुमार शामिल रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित इस प्रतिष्ठित मुकाबले में मिली सफलता ने खिलाड़ियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया। यश की इस उपलब्धि पर उनके पिता विजय कुमार यादव, जो सेना से जुड़े हैं, माता सीमा यादव, भाई प्रमोद और अजय कुमार यादव को भी लोगों ने शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने यश कुमार यादव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने कहा कि यश ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।




Post a Comment