आजमगढ़-मऊ हाईवे पर सीएनजी गैस से भरा ट्रक पलटा, रिसाव से अफरा-तफरी
करहां (मऊ) : आजमगढ़-मऊ मार्ग पर चालीसवा और सुतरही गांव के बीच सोमवार सुबह सीएनजी गैस से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक से गैस का रिसाव होने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना सुबह लगभग आठ बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आजमगढ़-मऊ बॉर्डर पर वन-वे यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
घटनास्थल पर कोतवाल के.के. वर्मा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और पूरे हालात पर नजर बनाए रखी। पुलिसकर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी तथा मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभाली। प्रशासन द्वारा राहत और सुरक्षा संबंधी कार्य लगातार जारी है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

Post a Comment