करहां बाजार में समाजसेवी विक्की वर्मा की पहल, तीन जगहों पर लगवाया शीतल जल का प्याऊ

करहां बाजार में समाजसेवी विक्की वर्मा की पहल, तीन जगहों पर लगवाया शीतल जल का प्याऊ

करहां (मऊ) : भीषण गर्मी के बीच करहां बाजार में पेयजल की समस्या को देखते हुए सदस्य जिला पंचायत प्रत्याशी एवं युवा समाजसेवी विक्की वर्मा ने सराहनीय पहल की है। उन्होंने अपने निजी खर्च से बाजार के तीन प्रमुख स्थानों पर शीतल जल की व्यवस्था शुरु कराई, जिससे राहगीरों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिली है। सोमवार को जहानागंज मोड़, बीच बाजार तथा बैंक क्षेत्र में अस्थायी प्याऊ का उद्घाटन किया गया। इस दौरान विक्की वर्मा ने फीता काटकर व्यवस्था का शुभारंभ किया। बाजार के लोगों ने इस जनहितकारी कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे गर्मी के मौसम में राहत देने वाला कदम बताया।

करहां बाजार लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है, जहां आसपास के जमुई, रसूलपुर, तिघरा, गद्दोपुर, माहपुर, मील, दरौरा, महमूदपुर, नगपुर समेत कई गांवों के लोग प्रतिदिन खरीदारी व अन्य कार्यों से आते-जाते हैं। इसके बावजूद यहां लंबे समय से सार्वजनिक पेयजल और प्रसाधन जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। विक्की वर्मा ने बताया कि तीनों स्थानों पर सहयोगियों की जिम्मेदारी तय की गई है, जो नियमित रुप से ठंडे पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाजार के अन्य स्थानों के साथ-साथ मील, नगपुर, शमशाबाद, मालव और लग्गूपुर बाजारों में भी ऐसी व्यवस्था शुरु की जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में सार्वजनिक शौचालय एवं विशेष रुप से महिलाओं के लिए प्रसाधन कक्ष की व्यवस्था कराने की योजना भी है, ताकि महिलाओं, बुजुर्गों और छात्र-छात्राओं को परेशानी न उठानी पड़े। साथ ही गुरादरी मठ स्थित पाताल गंगा सरोवर के किनारे वस्त्र परिवर्तन कक्ष बनाने की भी योजना है, जिससे स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके। इस अवसर पर आशीष प्रताप सिंह, डॉ. आफताब आलम, समरेंद्र प्रताप, अजय यादव, अनिल भारद्वाज, लक्ष्मण मौर्य एवं मूलचंद चौहान, मोनू कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post