Top News

शमशाबाद में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर पलटा ई-रिक्शा, छह घायल

शमशाबाद में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर पलटा ई-रिक्शा, छह घायल

रानीपुर (मऊ)। रानीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन पर सवार छह लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हेतु रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीपुर निवासी नीरा अपने परिवार के साथ आजमगढ़ जनपद के हरि इस्माईलपुर से ई-रिक्शा द्वारा घर लौट रही थीं। सुबह करीब साढ़े 11 बजे शमशाबाद गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के चलते ई-रिक्शा अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरु करते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर के लिए भेज दिया गया।

गंभीर रुप से घायल लोगों में नीरा पत्नी राम विजय बहादुर, सृष्टि गौरव पुत्री राम विजय बहादुर, आयुष कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी रानीपुर तथा राधिका पत्नी छोटे लाल निवासी हरपुर, सरायलखंसी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर रानीपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post