फसल अवशेषों में लगी आग से किसान की ट्यूवेल वाली झोपड़ी व इंजन जलकर खाक
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के सद्धोपुर गांव में शनिवार शाम अज्ञात कारणों से फसल अवशेषों में लगी आग से एक किसान की ट्यूवेल वाली झोपड़ी और सिंचाई का इंजन जलकर राख हो गए। घटना से किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
गांव निवासी बेचू कन्नौजिया ने खेत में सिंचाई के लिए इंजन और पंपिंगसेट लगवाया था। बताया जा रहा है कि गेहूं के फसल अवशेष में लगी आग तेज हवा के कारण फैल गई और पास में बनी मड़ई तथा इंजन को अपनी चपेट में ले लिया। खेत गांव से दूर होने के कारण समय रहते जानकारी नहीं हो सकी।
जानकारी होने पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इंजन और झोपड़ी पूरी तरह जल चुके थे। पीड़ित किसान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने किसानों से खेतों में फसल अवशेष न जलाने की अपील की है।


Post a Comment