गुरादरी मठ पर चला स्वच्छता अभियान
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के सुप्रसिद्ध मठ गुरादरी धाम पर बुधवार को जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, दरौरा के शिक्षकों व बच्चों ने मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया।
सेवानिवृत्त कृषि उप निदेशक व विद्यालय के प्रबंधक हरिनारायण सिंह व प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडेय के नेतृत्व में सबसे पहले बच्चों व शिक्षको ने झाड़ू से मठ एवं पाताल गंगा सरोवर परिसर की सफाई की। इसके बाद सरोवर में फैली गंदगी को निकाला एवं इसमें मर रही मछलियों का जीवन बचाने हेतु आवश्यक उपाय किया। इसके बाद मठ के अंदर की गंदगी की धुलाई क़र झाड़ू से साफ किया। अंत में स्वयं स्वच्छ होकर सभी ने पूजन-अर्चन व आरती कर बाबा घनश्याम साहब के दरबार मे माथा टेका एवं प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके हरिनारायण सिंह ने कहा कि साफ-सफाई प्रत्येक जागरुक नागरिक की दिनचर्या में शामिल होना चाहिए। स्वच्छता आंतरिक व वाह्य दोनो होनी चाहिए। कहा कि 18 मई को अजीत एक्सप्रेस एवं दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर 'गर्मी के कारण गुरादरी पोखरे की मर रही मछलियां' पढ़कर मन विचलित हो गया। मैंने सोचा कि यह घटना सिर्फ गर्मी के कारण ही नहीं अपितु गंदगी के कारण भी हो रही होगी। इसलिए आज बच्चों संग सफाई अभियान चलाने का निर्णय किया। आशा है कि सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे और बच्चों के इस प्रयास से अन्य लोगों को भी स्वच्छता हेतु प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर अशोक पांडेय, शिवनाथ यादव, देवदत्त कुमार, संतोष चौहान, विशाल सिंह, रानी राजभर, शिया सिंह, विजेंद्र सिंह, वैष्णवी पांडेय, राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।





Post a Comment