Top News

भयंकर गर्मी में जलश्रोतों के सूखने से पशु-पक्षी बेहाल

भयंकर गर्मी में जलश्रोतों के सूखने से पशु-पक्षी बेहाल

करहां (मऊ) : भयंकर गर्मी व तेज धूप के कारण करहां परिक्षेत्र के विभिन्न जलश्रोत सूख गए हैं। इसके कारण बेसहारा जीव-जंतु, पशु-पक्षियों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। करहां क्षेत्र के करीब दर्जन भर गांवों में हजारों बंदर रहते हैं। हालांकि इनके उपद्रव के कारण ग्रामीण बेहाल रहते हैं लेकिन इतनी गर्मी में प्यासे बंदर और अधिक आक्रामक व घातक हो गए हैं। व्याकुलता के कारण घरों के ऊपर लगी टंकियों एवं टोटियों को तोड़ दे रहे हैं। यही हाल बेसहारा गोवंशों, कुत्तों एवं अन्य पशु-पक्षियों का भी है।

-------------------------------------------------------------

भयंकर गर्मी के कारण गुरादरी पोखरे की मर रही मछलियां

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के सुप्रसिद्ध गुरादरी मठ के पाताल गंगा सरोवर की मछलियां भयंकर गर्मी के कारण मर रही हैं। इससे उसमें रह रही सैकड़ों मछलियों के जीवन एवं पानी के प्रदूषित होने का संकट उत्पन्न हो गया है। इस जलाशय में स्नान, तर्पण, मार्जन आदि के लिए रोजाना लोगों का आवागमन होता है। आसपास के गांवों के लोग किसी स्वजन की मृत्यु पर यहां घाट भी नहाते हैं। ऐसे में नित्य मर रही मछलियों के उपर आ जाने से दिक्कतें आ रही हैं। मठ प्रबंधन का कहना है कि मरी हुई मछलियों को दफन कर पोखरे में स्वच्छ व ताजा जल भरा जा रहा है, ताकि मछलियों का जीवन बचाया जा सके।

-------------------------------------------------------------

करहां बाजार में वाटर कूलर व प्रसाधन सुविधाओं की उठी मांग

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना चिरैयाकोट मार्ग पर स्थित लगभग दो किलोमीटर लंबी करहां बाजार में सार्वजनिक पेयजल एवं प्रसाधन सुविधाओं का नितांत अभाव है। इसके कारण दुकानदारों, खरीददारों, राहगीरों, मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ता है। व्यापार मंडल एवं औषधि विक्रेता संघ ने बाजार में वाटर कूलर एवं सार्वजनिक शौचालय एवं मूत्रालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की मांग की है।

-------------------------------------------------------------

भयंकर गर्मी में पानी छोड़ रहे हैंडपंप व नलकूप

करहां (मऊ) : भयंकर गर्मी अब असर दिखाने लगी है। करहां परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों का जल स्तर नीचे भागने के कारण हैंडपंप एवं नलकूप पानी छोड़ रहे हैं। दरौरा गांव की राजपूत बस्ती के अमृतांशु सिंह का कहना है कि दो महीने से अधिक समय से हमारे यहां का इंडिया मार्का हैंडपम्प खराब है। दो बार मरम्मत कराने के बावजूद पानी छोड़ दे रहा है। यही हाल क्षेत्र के क़ई हैंडपम्पों एवं नलकूपों का भी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post