Top News

पूर्व अध्यक्ष प्रमोद सिंह पालीवाल को कारण बताओ नोटिस जारी, तीन दिन में मांगा जवाब

पूर्व अध्यक्ष प्रमोद सिंह पालीवाल को कारण बताओ नोटिस जारी, तीन दिन में मांगा जवाब

मऊ। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ में अनुशासनहीनता और कथित संघ विरोधी गतिविधियों को लेकर विवाद गहरा गया है। संघ एवं उसके वर्तमान पदाधिकारियों के खिलाफ अमर्यादित व्यवहार तथा भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में डिस्ट्रिक्ट बार के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह पालीवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संघ की ओर से उन्हें तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 को क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए वकीलों एवं वादकारियों को राहत देने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश राय के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने न्यायिक कार्यों में गर्मी के कारण आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का हवाला देते हुए नियत मामलों में अगली तिथि निर्धारित किए जाने का अनुरोध किया था।

इसी दौरान आरोप है कि पूर्व अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह पालीवाल ने वार्ता के बीच हस्तक्षेप करते हुए जिलाधिकारी के समक्ष वर्तमान अध्यक्ष और महामंत्री की कार्यकारिणी को भंग होने की बात कही। संघ का आरोप है कि यह सूचना भ्रामक, निराधार एवं मनगढ़ंत थी, जिससे प्रशासन को भ्रमित करने का प्रयास किया गया।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने इस कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता और संघ के नियमों के विरुद्ध आचरण माना है। नोटिस के माध्यम से पालीवाल से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। बार पदाधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर संघ के नियमों के तहत आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद कचहरी परिसर और अधिवक्ताओं के बीच संगठनात्मक अनुशासन तथा प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post