यश कुमार यादव ने रोविंग में जीता स्वर्ण पदक, सीएम ने किया पुरस्कृत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के चकौधी सुहवल निवासी होनहार खिलाड़ी यश कुमार यादव ने 46वीं जूनियर नेशनल रोविंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गोरखपुर के रामगढ़ ताल में 17 से 21 मई तक आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में यश की टीम ने केरल को हराकर उत्तर प्रदेश को वर्ष 1990 के बाद पहली बार गोल्ड मेडल दिलाया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, खेल मंत्री गिरीशचंद्र यादव, मत्स्य मंत्री संजय निषाद और सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे। यश की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि मेहनत और लगन से यश ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
अंडर-19 वर्ग की चार सदस्यीय टीम में यश के साथ दीपक कुमार, हरिनाथ यादव और प्रवीण कुमार शामिल रहे। जीत की सूचना मिलते ही गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनके फौजी पिता विजय कुमार यादव, शिक्षिका मां सीमा यादव और परिवार को बधाई दी। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने भी यश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






Post a Comment