प्रतिभा खोज परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों व प्रधानाध्यापकों को किया गया सम्मानित

प्रतिभा खोज परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों व प्रधानाध्यापकों को किया गया सम्मानित

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना में 5 मई को आयोजित नवाचार आधारित समग्र प्रतिभा खोज परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद सोमवार को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। पब्लिक महिला सहर डिग्री कालेज बरामदपुर में आयोजित प्रधानाध्यापकों की बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने मेधावी बच्चों को बैग एवं पूरे वर्ष के लिए कापियां देकर पुरस्कृत किया एवं उनका उत्साहवर्धन किया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरुप आयोजित इस परीक्षा में विकासखंड की 9 ग्राम पंचायतों एवं नगर क्षेत्र के 113 विद्यालयों के कक्षा-5 के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। परीक्षा में भाषा और गणित विषयों से 50 अंकों के प्रश्न पूछे गए थे। घोषित परिणाम में प्राथमिक विद्यालय नगरीपार की छात्रा ज्योति चौहान ने 38.5 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कंपोजिट विद्यालय देवरिया बड़ी की सान्वी सिंह तथा प्राथमिक विद्यालय सौसरवां के शशांक ने 34-34 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान साझा किया। प्राथमिक विद्यालय ढोलना की दिव्या 33.5 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं।

खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाओं का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी समझ को मजबूत करना, सीखने में आने वाली कमियों की पहचान करना तथा उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित ‘निपुण भारत मिशन’ के लक्ष्यों को समय से पूरा करने के लिए शिक्षक निरंतर प्रयासरत हैं। सम्मान समारोह के दौरान स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, धनंजय सिंह, शशिभूषण राय, विजय प्रकाश पाठक, राजेश कुमार, विजय कुमार सिंह, कृपानारायण त्रिपाठी, ज्योतिंद्रपति पांडेय, प्रवीण कुमार सिंह आदि अनेक लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post