स्कार्पियो सवार युवक को थार सवार हमलावर ने ओवरटेक कर मारी गोली, तीन नामजद
•मामला आपसी रंजिश का, दोनो हिस्ट्रीशीटर
•पुलिस टीमें गठित, शीघ्र होगी गिरफ्तारी : पुलिस
करहां (मऊ) : चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर रविवार रात स्कार्पियो सवार युवक को थार सवार हमलावर ने ओवरटेक कर तीन गोलियां मार दी। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज आजमगढ़ के निजी अस्पताल में चल रहा है। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र निवासी अनिल कुमार सिंह ने चिरैयाकोट थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 17 मई की रात उनका पुत्र अमरेश सिंह अपने साथियों धीरज सिंह, अमन सिंह, गौरव सिंह व सिद्धार्थ सिंह के साथ स्कॉर्पियो वाहन से मऊ जिले के अल्देमऊ गांव में आयोजित ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम से लौटते समय रात करीब 9:20 बजे करमी गांव के पास पीछे से आई बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी ने ओवरटेक कर स्कॉर्पियो को रोक लिया।
तहरीर के मुताबिक थार से उतरे तीन युवकों ने गाली-गलौज शुरु कर दी। इसी दौरान अमन सिंह नामक एक युवक ने असलहे से स्कॉर्पियो पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली वाहन का शीशा तोड़ते हुए चालक अमरेश सिंह को जा लगी। अमरेश के पेट, कमर और दाहिनी जांघ में तीन गोलियां लगी हैं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल अमरेश को साथियों ने तत्काल आजमगढ़ के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने अमन सिंह निवासी बेलवापुर बैरौली थाना सिधारी, चंदन यादव निवासी नीबी थाना रानी की सराय तथा गौरव प्रताप यादव निवासी भुवली थाना सिधारी जनपद आजमगढ़ को नामजद किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने बताया है कि अमरेश सिंह व अमन सिंह दोनो हिस्ट्रीशीटर हैं और इनके बीच आपसी रंजिश है। आरोपितों की तलाश हेतु टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।



Post a Comment