आवारा कुत्तों के हमले में बकरी की मौत, ग्रामीणों में दहशत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के कमालपुर पहाड़पुर और मौजा सद्धोपुर गांव में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। शनिवार शाम कुत्तों के झुंड ने दो बकरियों पर हमला कर उन्हें गंभीर रुप से घायल कर दिया। कमालपुर पहाड़पुर निवासी रामप्यारे राजभर की बकरी की रात में मौत हो गई, जबकि सद्धोपुर निवासी सुनीता राजभर का बकरा गंभीर रुप से घायल है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे पशुपालकों के साथ बच्चों और बुजुर्गों में भी भय का माहौल है। छबिलाल राजभर, कपिल राजभर, दुर्ग विजय राजभर, फूलबदन राजभर, श्यामदेव राजभर, सुग्रीव राजभर व कुंवर राजभर सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने तथा पशुपालकों को राहत दिलाने की मांग की है।

Post a Comment