फुलवरिया के पास दो बाइकों की भिड़ंत, तीन घायल, दो गंभीर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के फुलवरिया गांव के समीप रविवार दिन करीब 11 बजे मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार घोसी कोतवाली क्षेत्र के सरायगंगापब्बी गांव निवासी 17 वर्षीय आमान पुत्र नन्हे तथा धरौली निवासी 16 वर्षीय आयान एक मोटरसाइकिल से किसी काम से मुहम्मदाबाद गोहना की ओर जा रहे थे। वहीं बेल्थरा रोड थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 28 वर्षीय राहुल यादव आजमगढ़ से अपने घर लौट रहे थे। फुलवरिया गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में दोनों बाइकों की सीधी टक्कर हो गई।
हादसे में राहुल यादव को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि राहुल यादव ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उन्हें कम चोट लगी, जबकि दोनों अन्य युवक बिना हेलमेट के थे।

Post a Comment