Top News

देवलास में श्रद्धापूर्वक मनाई गई महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती

देवलास में श्रद्धापूर्वक मनाई गई महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती

•महाराणा प्रताप राष्ट्रपुरुष : मंत्री दयाशंकर सिंह

•मुख्यमंत्री करेंगे चेतक पर सवार नई कांस्य प्रतिमा का लोकार्पण

•वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित

करहां, मऊ। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के केंद्र देवलाश्रम, देवलास स्थित महाराणा प्रताप स्मारक परिसर में बुधवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि दयाशंकर सिंह ने महाराणा प्रताप को राष्ट्रपुरुष बताते हुए उनके साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी की मिट्टी और चेतक से जुड़ा स्मारक पूरे समाज के लिए पूजनीय है। मंत्री ने घोषणा की कि देवलास स्थित महाराणा प्रताप स्मारक पर लगभग 27 लाख रुपये की लागत से चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की भव्य कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने स्मारक एवं देवलास क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, छठ मेले को राष्ट्रीय मेला घोषित कराने के प्रयास तथा मुहम्मदाबाद गोहना में स्थायी रोडवेज बस स्टेशन की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित करने की बात कही। इस दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता तथा जिला युवा उपाध्यक्ष अनमोल साहू ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर नगर में स्थायी रोडवेज की मांग उठाई। मंत्री ने इस संबंध में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कांग्रेस नेता उमाशंकर सिंह के निवेदन पर दयाशंकर सिंह ने तमसा नदी पर नए पुल के निर्माण तथा मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग के मरम्मत एवं विकास कार्यों को भी शीघ्र गति देने का भरोसा दिलाया। साथ ही क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पित आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया तथा आयोजन के सूत्रधार आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया की प्रशंसा करते हुए उन्हें क्षेत्र की धरोहर बताया। इस अवसर पर उन्होंने स्मारक स्थल के विकास के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।

चिंतक व लेखक मनोज सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप ऐसे महान योद्धा थे, जिनके लिए समाज का हर वर्ग समर्पित था। उनका शौर्य, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान आज भी लोगों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष और आत्मसम्मान का अनुपम उदाहरण है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सिसोदिया संघ के अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने की, जबकि संचालन आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया एवं शिक्षक मनोज सिंह ने संयुक्त रुप से किया। कार्यक्रम में महामंत्री भीष्मदेव सिंह, संयुक्त मंत्री चंद्रविजय सिंह, अख्तर अहमद, प्रणव चतुर्वेदी, राघवेंद्र सिंह माखन, भानुप्रताप पांडेय, अभिषेक सिंह, सूर्यप्रताप सिंह सूरज, ईश्वरदयाल सिंह सेठ, मनोज श्रीवास्तव, उमाशंकर सिंह, अभिषेक यादव, मोहर सिंह, मिथिलेश सिंह पप्पू, सुखदेव राजभर, अजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





Post a Comment

Previous Post Next Post