देवलास में गूंजा महाराणा प्रताप का यशोगान, 486वीं जयंती पर भव्य समारोह में विकास योजनाओं की घोषणाएं
करहां, मऊ। मुहम्मदाबाद तहसील के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के केंद्र देवलाश्रम, देवलास स्थित महाराणा प्रताप स्मारक परिसर में बुधवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन महाराणा प्रताप सांस्कृतिक व सामाजिक नवचेतना संस्थान एवं सिसोदिया संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं जनपद प्रभारी दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि तथा ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दयाशंकर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय स्वाभिमान, राष्ट्रनिष्ठा और अदम्य साहस के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी की मिट्टी और चेतक की गौरवगाथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने घोषणा की कि स्मारक परिसर में लगभग 27 लाख रुपये की लागत से चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की नई कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि देवलास स्मारक परिसर के सौंदर्यीकरण, छठ मेले को राष्ट्रीय पहचान दिलाने तथा मुहम्मदाबाद गोहना में स्थायी रोडवेज बस स्टेशन के लिए भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है। कार्यक्रम के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों द्वारा बस स्टेशन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही कांग्रेस नेता उमाशंकर सिंह द्वारा रखे गए प्रस्ताव पर तमसा नदी पर नए पुल निर्माण और मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग के विकास कार्यों को गति देने की बात कही गई।
विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्श आज भी राष्ट्र और समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। साथ ही स्मारक परिसर के विकास हेतु 1 लाख 11 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
चिंतक एवं लेखक मनोज सिंह ने महाराणा प्रताप के जीवन को त्याग, संघर्ष और आत्मसम्मान का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके आदर्श समाज को नई दिशा देते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिसोदिया संघ के अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने की तथा संचालन आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया एवं शिक्षक मनोज सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर महामंत्री भीष्मदेव सिंह, संयुक्त मंत्री चंद्रविजय सिंह, अख्तर अहमद, प्रणव चतुर्वेदी, राघवेंद्र सिंह माखन, भानुप्रताप पांडेय, अभिषेक सिंह, सूर्यप्रताप सिंह सूरज, ईश्वरदयाल सिंह सेठ, मनोज श्रीवास्तव, अभिषेक यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।







Post a Comment