Top News

तमसा पुल पर बैरियर लगाने के स्थान को लेकर उठी आपत्ति, जनप्रतिनिधियों ने दिया वैकल्पिक प्रस्ताव

तमसा पुल पर बैरियर लगाने के स्थान को लेकर उठी आपत्ति, जनप्रतिनिधियों ने दिया वैकल्पिक प्रस्ताव

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। तमसा नदी पर स्थित मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग के पुराने पुल की सुरक्षा को देखते हुए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए प्रस्तावित बैरियर के स्थान को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई है। शुक्रवार को पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता लालजी वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ‘डायमंड’ व पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सूर्यप्रताप सिंह सूरज ने व्यापारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और प्रशासन के समक्ष अपनी चिंताएं रखीं।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि कैलेंडर तिराहे के पास बैरियर लगाए जाने से नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड वाहनों की आवाजाही, स्कूल वाहनों के संचालन तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक माल पहुंचाने में बाधाएं उत्पन्न होंगी। इससे आम नागरिकों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बैरियर को कैलेंडर तिराहे के बजाय रौजा मखदूम तिराहे के समीप स्थापित किया जाए। उनका कहना था कि इससे पुल की सुरक्षा का उद्देश्य भी पूरा होगा और नगर की दैनिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस संबंध में मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को भी जनप्रतिनिधियों ने अपनी आपत्तियों और सुझावों से अवगत कराया। अधिकारियों ने सभी बिंदुओं पर विचार कर जनहित में उचित निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया।



Post a Comment

Previous Post Next Post