प्रगति पदयात्रा, चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम में बाढ़ सुरक्षा पर हुई चर्चा
करहां (मऊ) : सिंचाई विभाग द्वारा शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के प्रधानपुर सरया में प्रगति पदयात्रा, चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुहम्मदाबाद शहर सुरक्षा बांध से संबंधित बाढ़ सुरक्षा समिति की बैठक ग्राम पंचायत भवन में संपन्न हुई।
बैठक में मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे की सुरक्षा बांध की स्थिति, बाढ़ सुरक्षा एवं संभावित कटान संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि भाजपा रामसरन चौहान ने कहा कि सरकार जनकल्याण, सुशासन, विकास और विश्वास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चौपाल और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता और शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है। विशिष्ट अतिथि छोटू प्रसाद ने बांध की सुरक्षा एवं कटान की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि स्थानीय समितियों के माध्यम से जनसमस्याओं को शासन तक पहुंचाना आसान होता है। उन्होंने बाढ़ से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने समिति के सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए और बाढ़ सुरक्षा से संबंधित आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। बैठक की अध्यक्षता अवर अभियंता इमरान ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रुप में वरिष्ठ भाजपा नेता छोटू प्रसाद उपस्थित रहे। इसके अलावा सहायक अभियंता संजय मैत्रेय, सहायक अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र वर्मा, जेई संदीप चौहान, बृजेश कुमार यादव, सतीश चंद्र, बलराम, अजय, जयराम पाल एवं रणविजय सहित विभागीय अधिकारी एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे।




Post a Comment