रेलवे फाटक में तकनीकी दिक्कत से आवागमन प्रभावित, करीब 20 मिनट तक लगा रहा जाम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के पूर्वी और पश्चिमी रेलवे क्रासिंग पर गुरुवार दोपहर 1 बजे के करीब तकनीकी खराबी के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। ट्रेन के गुजरने के बाद भी फाटक निर्धारित समय पर नहीं खुल सका, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाटक लगभग 20 मिनट तक बंद रहा। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल यात्रियों को भी इंतजार करना पड़ा। जानकारी लेने पर ड्यूटी पर मौजूद रेलवे कर्मचारी ने बताया कि फाटक के लाकिंग सिस्टम में खराबी आ जाने के कारण उसे खोलने में विलंब हुआ।
तकनीकी समस्या पूर्वी और पश्चिमी दोनों रेलवे फाटकों पर बताई गई, जिससे आवागमन बाधित रहा। बाद में कर्मचारियों ने खराबी दूर कर फाटक को चालू किया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे विभाग से फाटक की नियमित जांच और समय रहते मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में यात्रियों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Post a Comment