एफआईआर- बच्चों के झगड़े में महिला घायल व इंस्टाग्राम आईडी से अश्लील पोस्ट पर केस
बच्चों के झगड़े में महिला पर हमला, चार पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के बरईपुर मुहल्ला निवासी सायरा बानो के साथ बच्चों के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कोतवाली द्वारा सभी आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।
पीड़िता के अनुसार 12 जून 2026 को पड़ोसी सोहराब, इमराना, सलीना व रेशमा निवासी बरईपुर ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर लाठी-डंडे व ईंट से हमला कर दिया। आरोप है कि सोहराब ने ईंट से सिर पर वार कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया।
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से अश्लील पोस्ट, युवक पर केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र की एक युवती की फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाने और अश्लील सामग्री पोस्ट करने का मामला सामने आया है। डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पीड़िता के अनुसार भदोही जनपद के इजर गांव निवासी कमल बिंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि उसने अलग-अलग नंबरों से फोन कर गाली-गलौज की और 22 मई 2026 को फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट किए, जिससे उसकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई।



Post a Comment