देवलास में योग प्रशिक्षण एवं उपचार शिविर आयोजित
करहां (मऊ) : शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अवसर पर देवलास स्थित श्रीराधा-कृष्ण मंदिर परिसर में शुक्रवार सुबह योग प्रशिक्षण, पंचकोशीय साधना एवं एक्यूप्रेशर उपचार विषयक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर लाभ प्राप्त किया। इसमें योग के महत्व और जनजागरुकता का संदेश दिया गया।
मुख्य प्रशिक्षक एवं योगाचार्य सुनील कुमार आचार्य ने योग व्यायाम, विभिन्न आसनों, प्राणायाम, बंध एवं मुद्राओं का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन संतुलित तथा समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। इस दौरान पंचकोश सिद्धांत के अंतर्गत अन्नमय कोश एवं प्राणमय कोश पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। डा. चंद्रवंशी ने एक्यूप्रेशर व स्वर उपचार की विधि पर चर्चा करते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से अनेक रोगों को दूर किया जा सकता है। उपस्थित लोगों को स्वर विज्ञान एवं उसके स्वास्थ्य संबंधी एक्युप्रेशर से लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के आयोजक गायत्री परिवार के जिला संयोजक डा. रामसुख यादव ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया एवं सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रमुख रुप से राजेंद्र लाल श्रीवास्तव, धनंजय मौर्य, दिलीप भारद्वाज, पांचू राम, राजेश विश्वकर्मा, चंदन गुप्ता, घनश्याम दास आदि ने सहयोग किया।


Post a Comment