विकास, सुशासन और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता : रामसरन चौहान
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। सिंचाई विभाग की ओर से शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के प्रधानपुर सरया गांव में प्रगति पदयात्रा, चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत भवन में मुहम्मदाबाद शहर सुरक्षा बांध से संबंधित बाढ़ सुरक्षा समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था और संभावित कटान की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान ने कहा कि सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चौपाल एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे स्थानीय समस्याओं के समाधान में तेजी आ रही है। विशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता छोटू प्रसाद ने बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए अधिकारियों से आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटान प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर ली जानी चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान बाढ़ सुरक्षा समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक की अध्यक्षता अवर अभियंता इमरान ने की। इस अवसर पर सहायक अभियंता संजय मैत्रेय, सहायक अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र वर्मा, जेई संदीप चौहान, बृजेश कुमार यादव, सतीश चंद्र, बलराम, अजय, जयराम पाल, रणविजय सहित विभागीय अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।




Post a Comment