Top News

देवलास में महाराणा प्रताप की भव्य कांस्य प्रतिमा का आगमन, जगह-जगह हुआ स्वागत

देवलास में महाराणा प्रताप की भव्य कांस्य प्रतिमा का आगमन, जगह-जगह हुआ स्वागत

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय तहसील क्षेत्र के देवलास में गुरुवार देर शाम चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की विशाल कांस्य प्रतिमा का आगमन हुआ। प्रतिमा के पहुंचने पर मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर और जयघोष के साथ इसका भव्य स्वागत किया। यह प्रतिमा महाराणा प्रताप सांस्कृतिक एवं सामाजिक नवचेतना संस्थान तथा सिसोदिया संघ के संयुक्त प्रयासों से स्थापित की जा रही है। प्रस्ताव है कि आगामी 26 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों द्वारा इसका लोकार्पण किया जाएगा।

भारी वजन तथा तमसा नदी पर जर्जर पुल के कारण भारी वाहनों पर प्रतिबंध होने की वजह से प्रतिमा को आजमगढ़ से जीयनपुर और नदवासराय होते हुए वैकल्पिक मार्ग से देवलास लाया गया। इस दौरान सिकठिया-बारा, पूनापार, इटौरा, नदवासराय, सियाबस्ती, देवलास और बरबोझी सहित कई स्थानों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। संस्थान के संयुक्त सचिव चंद्रविजय सिंह ने जानकारी दी कि इस प्रतिमा की लागत जीएसटी सहित लगभग 27 लाख 5 हजार रुपये है। इसका कुल वजन करीब 3 टन (30 कुंतल) और ऊंचाई 12.5 फीट है। कांस्य मिश्र धातु से निर्मित इस प्रतिमा में 85 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत शीशा तथा 5 प्रतिशत टिन व जिंक शामिल हैं।

बताया कि इसे 15×08 फीट के निचले चबूतरे तथा 8×4×7 फीट के ऊपरी आधार पर स्थापित किया जाएगा, जिसका निर्माण कार्य जारी है। साथ ही परिसर में बन रहे 78×32 फीट के सभागार का ढांचा तैयार हो चुका है, जबकि अब उसमें प्लास्टर, फर्श और रंग-रोगन का कार्य होना शेष है। इस पूरे प्रोजेक्ट में भदीड़ गांव निवासी आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया तथा ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स व जीएनआईओटी संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह रोशन का विशेष सहयोग बताया गया है।

गौरतलब है कि इसी स्मारक स्थल पर वर्ष 1984 में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसका लोकार्पण तत्कालीन गोरक्षपीठाधीश्वर एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ ने किया था। पुरानी प्रतिमा के स्थान पर अब नई भव्य कांस्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए जाने की संभावना है।




Post a Comment

Previous Post Next Post