देवलास में योग, पंचकोशीय साधना व एक्यूप्रेशर शिविर में स्वास्थ्य जागरुकता का मिला संदेश
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के तहत शुक्रवार को देवलास स्थित श्रीराधा-कृष्ण मंदिर परिसर में योग प्रशिक्षण, पंचकोशीय साधना एवं एक्यूप्रेशर उपचार विषयक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक लोगों ने भाग लेकर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं।
शिविर में योगाचार्य सुनील कुमार आचार्य ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, बंध तथा मुद्राओं का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच का आधार है। उन्होंने पंचकोशीय साधना की व्याख्या करते हुए अन्नमय कोश और प्राणमय कोश के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. चंद्रवंशी ने एक्यूप्रेशर एवं स्वर चिकित्सा की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इन पद्धतियों के माध्यम से अनेक शारीरिक समस्याओं में राहत मिल सकती है। उन्होंने स्वर विज्ञान और स्वास्थ्य संवर्धन में इसकी भूमिका से भी लोगों को अवगत कराया।
गायत्री परिवार के जिला संयोजक डॉ. रामसुख यादव ने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया तथा उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेंद्र लाल श्रीवास्तव, धनंजय मौर्य, दिलीप भारद्वाज, पांचू राम, राजेश विश्वकर्मा, चंदन गुप्ता और घनश्याम दास सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Post a Comment