प्रहलाद सिंह की पुण्यतिथि पर देवलास पहुंची चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की प्रतिमा : आईपीएस अनिल सिंह
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। धवरियासाथ गांव में डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ के प्रथम छात्रसंघ अध्यक्ष एवं समाजसेवी स्वर्गीय प्रहलाद सिंह की प्रथम पुण्यतिथि गुरुवार देर शाम श्रद्धा और भावनाओं के बीच मनाई गई। संयोगवश जिस चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा को देवलास में स्थापित कराने का सपना उन्होंने देखा था, उसी प्रतिमा के आगमन के दिन उनकी पहली पुण्यतिथि भी पड़ी।
श्रद्धांजलि सभा, निर्गुण-भजन संध्या एवं पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया ने कहा कि यह महज संयोग नहीं, बल्कि प्रहलाद सिंह के सपनों और संकल्पों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह युवाओं के प्रेरणास्रोत, संघर्षशील व्यक्तित्व और समाजहित के लिए समर्पित व्यक्ति थे। देवलास में चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की प्रतिमा की स्थापना उनके सपनों में शामिल थी, जो अब साकार होने जा रही है।
किसान नेता देवप्रकाश राय ने उनके संघर्षों और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जनहित के आंदोलनों में प्रहलाद सिंह का सहयोग सदैव अविस्मरणीय रहेगा। वहीं कलमकार तारकेश्वर सिंह अजीत ने उनके अधूरे सपनों को पूरा करने और समाज में एकता व जागरुकता का संदेश आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक एवं लेखक मनोज सिंह ने किया तथा अंत में उनके पुत्र अभय सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अशोक सिंह, डॉ. सीता राय, सुनील सिंह, बलवंत सिंह, संतोष द्विवेदी, विनोद प्रताप सिंह, भूपेंद्र पांडेय, कादिर अहमद, आशुतोष सिंह गोलू, चंदन कुमार, पिंटू सिंह, आर्यन सिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।







Post a Comment