Top News

वर्षों से बदहाल पड़ा बरसवां संपर्क मार्ग, ग्रामीणों ने मरम्मत की उठाई मांग

वर्षों से बदहाल पड़ा बरसवां संपर्क मार्ग, ग्रामीणों ने मरम्मत की उठाई मांग

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत हिंडोला के राजस्व ग्राम बरसवां को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में होने के कारण ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क की उखड़ी सतह और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से राहगीरों को आवागमन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसको बरसात से पहले मरम्मत की मांग की है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की आवाजाही का प्रमुख साधन है, लेकिन इसके जीर्णोद्धार की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीण मनीष सिंह के अनुसार सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा गया। जनसुनवाई पोर्टल और मुख्यमंत्री जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने बताया कि मार्ग दो ग्राम पंचायतों की सीमा से होकर गुजरता है। सड़क का एक हिस्सा ग्राम पंचायत टेकई के क्षेत्राधिकार में आने के कारण निर्माण को लेकर जिम्मेदारी तय नहीं हो सकी है। इसी वजह से वर्षों से यह मार्ग उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कराकर आवागमन की समस्या दूर करने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरु कराने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post