Top News

महाराणा प्रताप राष्ट्रपुरुष, हल्दी घाटी की मिट्टी पूजनीय : मंत्री दयाशंकर सिंह

महाराणा प्रताप राष्ट्रपुरुष, हल्दी घाटी की मिट्टी पूजनीय : मंत्री दयाशंकर सिंह

•देवलास में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई 486वीं जयंती

•मुख्यमंत्री करेंगे चेतक पर सवार नई कांस्य प्रतिमा का लोकार्पण

•विविध क्षेत्र के गणमान्य वरिष्ठगण हूए सम्मानित

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। देवलाश्रम, देवलास स्थित महाराणा प्रताप स्मारक परिसर में बुधवार को महाराणा प्रताप सांस्कृतिक व सामाजिक नवचेतना संस्थान एवं सिसोदिया संघ के संयुक्त तत्वावधान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती भव्य एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। समारोह में प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं जनपद प्रभारी दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि तथा ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि दयाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय स्वाभिमान, राष्ट्रनिष्ठा और अदम्य साहस के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी की पावन मिट्टी और चेतक की गौरवगाथा देशवासियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी। मंत्री ने घोषणा की कि देवलास स्थित स्मारक परिसर में लगभग 27 लाख रुपये की लागत से चेतक पर आरूढ़ महाराणा प्रताप की नई कांस्य प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। उन्होंने देवलास क्षेत्र एवं स्मारक परिसर के सौंदर्यीकरण, प्रसिद्ध छठ मेले को राष्ट्रीय पहचान दिलाने तथा मुहम्मदाबाद गोहना में स्थायी रोडवेज बस स्टेशन स्थापित करने के लिए भूमि चिह्नित किए जाने की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता तथा जिला युवा उपाध्यक्ष अनमोल साहू ने परिवहन मंत्री को ज्ञापन सौंपकर नगर में स्थायी बस स्टेशन की मांग रखी। इस पर मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेता उमाशंकर सिंह की ओर से रखे गए प्रस्ताव पर उन्होंने तमसा नदी पर नए पुल के निर्माण तथा मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग के सुधार एवं विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास में योगदान दे रहे आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया के प्रयासों की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित और सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें क्षेत्र की अमूल्य धरोहर बताया तथा स्मारक परिसर के विकास के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

चिंतक एवं लेखक मनोज सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का व्यक्तित्व संघर्ष, आत्मसम्मान, राष्ट्रभक्ति और त्याग का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सिसोदिया संघ के अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने की। संचालन आईपीएस अनिल सिंह सिसोदिया एवं शिक्षक मनोज सिंह ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में महामंत्री भीष्मदेव सिंह, संयुक्त मंत्री चंद्रविजय सिंह, मार्गदर्शक दयाशंकर सिंह दाढ़ी, अख्तर अहमद, प्रणव चतुर्वेदी, राघवेंद्र सिंह माखन, भानुप्रताप पांडेय, अभिषेक सिंह, सूर्यप्रताप सिंह सूरज, ईश्वरदयाल सिंह सेठ, मनोज श्रीवास्तव, अभिषेक यादव, मोहर सिंह, मिथिलेश सिंह पप्पू, सुखदेव राजभर, अजय जायसवाल, पुनीत सिंह बंटी, चंद्रशेखर सिंह, उमा पांडेय, अशोक सिंह, सभाजीत सिंह, आशुतोष सिंह एवं आशुतोष राय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post