प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह का किया सम्मान, समस्याओं पर जताई नाराजगी
करहां (मऊ) : ग्राम प्रधान संगठन मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक इकाई की बैठक ब्लॉक सभागार में ब्लॉक अध्यक्ष नौशाद अहमद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ग्राम प्रधानों ने पंचायतों में प्रशासक व्यवस्था लागू होने के बाद स्पष्ट दिशा-निर्देश न मिलने, कुछ ग्राम सचिवों द्वारा भुगतान में अनावश्यक विलंब किए जाने तथा विभिन्न योजनाओं, विशेषकर बीबीजी राम योजना के संबंध में प्रशासन की ओर से स्पष्ट जानकारी उपलब्ध न कराने पर नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान इन समस्याओं के समाधान को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों, संगठन के पदाधिकारियों एवं महिला प्रतिनिधियों ने ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह को प्रशासक बनाए जाने पर माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश प्रभारी रविंद्र राय ने कहा कि प्रधानों की एकजुटता का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों एवं जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक का दायित्व सौंपा है। उन्होंने इसके लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। जिला प्रभारी काशीनाथ यादव ने कहा कि सरकार ने प्रधानों को प्रशासक का दायित्व तो दिया है, लेकिन इसे लेकर न्यायालय में चुनौती भी दी जा रही है। ऐसे समय में संगठन को एकजुट रहकर हर परिस्थिति का सामना करना चाहिए।
सम्मान से अभिभूत ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह ने कहा कि वह पहले भी प्रधानों के साथ थीं और आगे भी उनके हितों एवं समस्याओं के समाधान के लिए सदैव साथ खड़ी रहेंगी। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष उमेश यादव एवं पूर्व प्रधान तथा भाजपा नेता त्रिभुवन प्रसाद ने संयुक्त रुप से किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अमित कन्नौजिया, महासचिव एवं प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा 'बीनू', शिवशंकर पाल, मंजीत सिंह, मुन्ना सिंह, अनिल प्रधान, अमित कन्नौजिया, मनोज सिंह, अलंकार यादव, भीम कुमार, अबरार, असफाक, शंकर बनवासी, कन्हैया, हिंदराज, नवमी प्रसाद, रानू चौहान, सूर्यप्रताप गोल्डी सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






Post a Comment