बारिश में खंभे व तार गिरने से 23 घंटे बाद बहाल हुई विद्युत आपूर्ति
करहां (मऊ) : जमुई-करहां विद्युत उपकेंद्र 33/11 से जुड़े दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति सोमवार रात करीब 11 बजे बारिश के कारण बाधित हो गई। मंगलवार सुबह जानकारी हुई कि उपकेंद्र क्षेत्र के खड़गिलिया-टिपक्काबाद के बीच 33 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन के दो खंभे व तार गिर गए हैं। विद्युतकर्मियों ने दिनभर कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार रात करीब 10 बजे आपूर्ति बहाल कर दी। करीब 23 घंटे बाद बिजली आने पर क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
सोमवार पूरी रात और मंगलवार को पूरे दिन बिजली गुल रहने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों, बच्चों, बुजुर्गों समेत आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। भीषण उमस और गर्मी के बीच सबसे अधिक दिक्कत पेयजल को लेकर हुई। घरों के इनवर्टर जवाब दे गए, जबकि कई लोगों को जरुरी काम के लिए किराये के जनरेटर का सहारा लेना पड़ा। इस बीच उमस से बेचैन लोग लगातार फोन से विद्युत आपूर्ति बहाल होने की जानकारी लेते देखे गए।
उपकेंद्र के अवर अभियंता छोटेलाल ने बताया कि मंगलवार सुबह से देर रात तक वह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर विद्युतकर्मियों के साथ कार्य में जुटे रहे। गिरे हुए खंभों और तारों को दुरुस्त कराने के साथ ही अन्य छोटे फाल्ट भी ठीक कराए गए, जिसके बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सामान्य हो सकी।


Post a Comment