Top News

मऊ के अनंत सिंह ने 7,077 मीटर ऊंचे माउंट कुन पर लहराया तिरंगा

मऊ के अनंत सिंह ने 7,077 मीटर ऊंचे माउंट कुन पर लहराया तिरंगा

•अगला लक्ष्य विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करना

•उपलब्धि पर मिल रही बधाईयां व शुभकामनाएं

करहां (मऊ) : जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के बरसवां गांव निवासी युवा पर्वतारोही एवं पर्वतारोहण प्रशिक्षक अनंत सिंह ने 22 अगस्त को लद्दाख स्थित 7,077 मीटर ऊंचे माउंट कुन का सफलतापूर्वक आरोहण कर शिखर पर तिरंगा लहराया। 13 सदस्यीय जर्मन पर्वतारोहण दल के साथ चले अभियान में नौ पर्वतारोहियों ने सफलतापूर्वक शिखर तक पहुंच बनाई। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए आगामी अभियानों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

बेस कैंप पर लौटने के बाद अजीत एक्सप्रेस रिपोर्टर से दूरभाष पर अनंत सिंह ने बताया कि माउंट कुन का अभियान अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। अत्यधिक ऊंचाई, आक्सीजन की कमी, बर्फीली व तकनीकी चढ़ाई, तेज हवाओं, बदलते मौसम और कड़ाके की ठंड के बीच क्रैम्पान, रस्सियों सहित अन्य उपकरणों के सहारे सावधानीपूर्वक चढ़ाई पूरी करनी पड़ी। 22 अगस्त को शिखर फतह करने के बाद वह उसी दिन बेस कैंप लौट आए। वापसी के दौरान पैर के अंगूठे में फ्रांस्टबाइट के शुरुआती लक्षण दिखाई दिए, जिसके चलते समय रहते सुरक्षित नीचे लौटना जरुरी था।

अनंत सिंह इससे पूर्व कांग यात्से-2 सहित कई हिमालयी अभियानों में सफलता हासिल कर चुके हैं और उन्हें 12 से अधिक हिमालयी अभियानों का अनुभव है। पर्वतारोहण प्रशिक्षक के रुप में कार्य कर चुके अनंत पर्वतारोहण, स्कीइंग तथा माउंटेन सर्च एंड रेस्क्यू में भी प्रशिक्षित हैं। उन्होंने कहा कि माउंट कुन का शिखर उनके लिए धैर्य, अनुशासन और सही निर्णय लेने की परीक्षा थी तथा शिखर तक पहुंचने जितना ही सुरक्षित वापस लौटना महत्वपूर्ण है। अब उनका लक्ष्य विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट का सफल आरोहण करना है।

उन्होंने अपनी उपलब्धि मऊ, बरसवां और उत्तर प्रदेश के युवाओं को समर्पित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास और सही निर्णय सफलता की कुंजी है। उनकी सफलता पर पूर्व मंत्री यशवंत सिंह व श्रीराम सोनकर, भाजपा नेत्री पूनम सरोज, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, जिला पंचायत प्रत्याशी विक्की वर्मा व महेंद्र यादव सहित अनीत सिंह, स्वदेश कुमार, प्रवीण राय, राघवेंद्र सिसोदिया, सद्दाम खां और कपिलदेव मौर्य आदि ने बधाई दी। साथ ही उनके आगामी अभियानों के प्रति अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं



Post a Comment

Previous Post Next Post