Top News

सर्वजन कल्याण की कामना संग हुआ सामूहिक महारुद्राभिषेक

सर्वजन कल्याण की कामना संग हुआ सामूहिक महारुद्राभिषेक

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। सावन के पावन तृतीय सोमवार और नागपंचमी के शुभ अवसर पर क्षेत्र के सुरहुरपुर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व शांति, क्षेत्र में सुख-समृद्धि, पर्याप्त वर्षा तथा समस्त प्राणियों के कल्याण की मंगलकामना के साथ सामूहिक महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया।

काशी से पधारे वैदिक आचार्य पंडित मनोज शुक्ला के सानिध्य में शुक्ल यजुर्वेद के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों के सस्वर उच्चारण के बीच मुख्य यजमान अशीत कुमार पाठक एडवोकेट एवं रेनुलता पाठक सहित श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक किया। गंगाजल, दुग्ध, दही, घृत, मधु, पंचामृत, फलोदक, गंधोदक, भस्मोदक, पुष्पोदक, दूर्वा, बिल्वपत्र एवं शुद्ध जल आदि से शिवलिंग का स्नान कराकर विधिवत श्रृंगार किया गया।

रुद्राष्टाध्यायी के 11 पाठों के बीच श्रृंगी से दुग्ध की अविरल धाराएं शिवलिंग पर अर्पित की गईं। इसके बाद पुनः प्रच्छालन कर भगवान शिव को वस्त्र, आभूषण, पुष्प, माला, तिलक, चंदन और यज्ञोपवीत अर्पित किए गए। भोग लगाने के बाद आरती एवं पुष्पांजलि के साथ पूजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से विश्व में शांति, क्षेत्र में अच्छी बारिश और जन-जन के सुख-शांति की प्रार्थना की। अंत में भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में चंदन उपाध्याय, धर्मदेव यादव, भुवनेश्वर द्विवेदी, अजीत प्रताप, संतोष तिवारी, हृदय शर्मा, निखिल तिवारी, अभिषेक यादव, हर्षवर्धन, साक्षी पाठक, श्वेतांजली, परी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post