नशे में खूनी बने बड़े भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार, रक्तरंजित डंडा बरामद
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के चकजाफ़री गांव में गुरुवार की रात शराब के नशे में दो सगे भाइयों के बीच शुरु हुआ विवाद देखते ही देखते गंभीर घटना में बदल गया। विवाद के दौरान बड़े भाई राजेश राजभर ने अपने छोटे भाई दिनेश राजभर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की पूछताछ और जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया रक्तरंजित लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बरामद वस्तु को जांच के लिए सुरक्षित करते हुए मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरु कर दी है। बताया गया कि दोनों भाइयों के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान छोटे भाई दिनेश को गंभीर चोटें आईं और उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। प्रारंभिक जांच में बड़े भाई की भूमिका सामने आने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लकड़ी का डंडा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

Post a Comment