Top News

नशे में भाइयों के बीच विवाद, सुबह चारपाई पर मृत मिला छोटा भाई

नशे में भाइयों के बीच विवाद, सुबह चारपाई पर मृत मिला छोटा भाई

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के चकजाफरी गांव में शराब के नशे में दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद शुक्रवार सुबह दर्दनाक घटना में बदल गया। गुरुवार रात दोनों भाइयों के बीच लाठी-डंडे से मारपीट हुई। करीब भोर तीन बजे तक चले विवाद के बाद दोनों अलग-अलग चारपाई पर जाकर सो गए। सुबह छोटा भाई अपनी चारपाई पर मृत मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान चकजाफरी निवासी 25 वर्षीय दिनेश राजभर पुत्र स्व. चंद्रदेव राजभर के रुप में हुई है। दिनेश अविवाहित था और मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। उसके बड़े भाई राजेश के साथ उसके शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होने की बात ग्रामीणों ने बताई है।

ग्रामीणों के मुताबिक गुरुवार रात दोनों भाई शराब के नशे में घर पहुंचे। किसी बात को लेकर कहासुनी शुरु हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों के बीच काफी देर तक लाठी-डंडे चले। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन नशे में होने के कारण दोनों किसी की बात मानने को तैयार नहीं थे। करीब तीन बजे तक विवाद के बाद दोनों अपनी-अपनी चारपाई पर जाकर सो गए।

शुक्रवार सुबह दिनेश को चारपाई पर मृत पड़ा देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई राजेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। बताया जाता है कि राजेश की शराब की लत से परिवार भी परेशान था। उसकी पत्नी कुछ समय पूर्व अपने दो छोटे बच्चों के साथ पंजाब चली गई थी। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों भाइयों के बीच शराब के नशे में मारपीट का मामला सामने आया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post