शटडाउन के बाद भी दौड़ा करंट, ट्रांसफार्मर ठीक कर रहे लाइनमैन की मौत
फीडर चालू करने पर हादसे का आरोप, आक्रोशित लोगों ने दोषी कर्मचारी पर कार्रवाई व मुआवजे की मांग की
करहां (मऊ) : चिरैयाकोट नगर के रामलीला मैदान के समीप शुक्रवार शाम करीब चार बजे ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे एक प्राइवेट लाइनमैन की अचानक बिजली आपूर्ति शुरु होने से करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
जानकारी के अनुसार नगर के यूसुफाबाद निवासी तारीक (करीब 28 वर्ष) पुत्र सरफराज रामलीला मैदान के पास टेलीफोन एक्सचेंज की दीवार से सटे विद्युत पोल पर लगे ट्रांसफार्मर की खराबी ठीक कर रहा था। बताया गया कि मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले लाइनमैन सोनू खान द्वारा चिरैयाकोट फीडर का शटडाउन लिया गया था। तारीक इसी शटडाउन के दौरान लाइन पर काम कर रहा था।
आरोप है कि मरम्मत कार्य के दौरान विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ ने चिरैयाकोट फीडर चालू कर दिया। इससे अचानक लाइन में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया और तारीक उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और ट्रांसफार्मर के पास से नीचे जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला बताया जा रहा है। उसके पीछे पत्नी और दो वर्षीय मासूम बच्ची है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शटडाउन लिया गया था तो फीडर दोबारा कैसे चालू कर दिया गया। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।

Post a Comment